सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अपनी आदतों को कैसे बदल - न्यूरोप्लासिटी

अपनी आदतों को कैसे बदले - न्यूरोप्लासिटी पर एक प्रैक्टिकल लेख। 
#मन_मस्तिष्क बदलता है, लेकिन पहले आपको बदलने की कीमत चुकानी पड़ती है।
आदतों के पीछे छिपा न्यूरोप्लास्टिसिटी का विज्ञान और बदलाव के चार चरण।
----------------------------------------------------------------

कभी आपने गौर किया है कि हम कितनी आसानी से तय कर लेते हैं कि अब से ऐसा नहीं करेंगे?

अब गुस्सा नहीं करेंगे।
अब बेवजह नहीं सोचेंगे।
अब डरकर पीछे नहीं हटेंगे।
अब समय बर्बाद नहीं करेंगे।
अब अपने जीवन को एक नई दिशा देंगे।

लेकिन कुछ दिनों बाद हम फिर वहीं खड़े मिलते हैं, जहाँ से चलना शुरू किया था।

पुरानी आदतें लौट आती हैं। वही विचार, वही डर, वही प्रतिक्रियाएँ और वही व्यवहार।

तब हम अपने बारे में एक निष्कर्ष निकाल लेते हैं—शायद हममें इच्छाशक्ति की कमी है। शायद हम बदल ही नहीं सकते।

लेकिन क्या सचमुच ऐसा है?

न्यूरोसाइंस हमें एक अलग कहानी बताता है।

हमारा मस्तिष्क कोई पत्थर की बनी हुई संरचना नहीं है। यह लगातार सीखता है, अपने अनुभवों के अनुसार बदलता है और नए व्यवहारों के लिए अपने भीतर नए रास्ते तैयार करता है। विज्ञान में इस क्षमता को Neuroplasticity (न्यूरोप्लास्टिसिटी) कहा जाता है।

इसका अर्थ है कि हमारा मस्तिष्क जीवनभर अनुभव, अभ्यास और सीखने के अनुसार अपने न्यूरल कनेक्शन्स और नेटवर्क में परिवर्तन कर सकता है।

लेकिन इस परिवर्तन की एक शर्त है—बार-बार किया गया अभ्यास।
और यही वह जगह है जहाँ अधिकांश लोग हार मान लेते हैं।

मस्तिष्क में बदलाव की चार महत्वपूर्ण प्रक्रियाएँ:
---------------------------------------------

यह समझना जरूरी है कि आदत बदलना केवल किसी निर्णय का परिणाम नहीं है। इसके पीछे कई जैविक प्रक्रियाएँ काम करती हैं। इन्हें समझने के लिए हम चार महत्वपूर्ण स्तरों को देख सकते हैं। ये एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और इनके बीच कोई ठोस समय-सीमा नहीं होती।

1. Synaptic Activation — शुरुआत में रास्ता सक्रिय होता है

जब आप पहली बार कोई नया व्यवहार अपनाते हैं, तो मस्तिष्क के कुछ न्यूरल सर्किट सक्रिय होने लगते हैं।

आप सुबह जल्दी उठने का निर्णय लेते हैं। पहली बार ध्यान करते हैं। अपने डर का सामना करते हैं या किसी नकारात्मक विचार को चुनौती देते हैं।

इस समय मस्तिष्क नए अनुभव को प्रोसेस कर रहा होता है।

आपको उत्साह महसूस होता है। लगता है कि अब सब कुछ बदल जाएगा।

लेकिन एक बात समझिए—किसी नए रास्ते का सक्रिय होना और उस रास्ते का स्थायी रूप से मजबूत होना, दोनों अलग बातें हैं।

शुरुआती उत्साह को स्थायी बदलाव समझ लेना हमारी पहली गलती है।

मस्तिष्क में रास्ता सक्रिय हो जाना, उस रास्ते पर चलने की आदत बन जाना नहीं है।

2. Synaptic Stabilization — अभ्यास से संबंध मजबूत होने लगते हैं

जब आप किसी नए व्यवहार को लगातार दोहराते हैं, तो मस्तिष्क में सक्रिय सिनैप्टिक कनेक्शन्स के मजबूत और स्थिर होने की प्रक्रियाएँ शुरू हो सकती हैं।

सिनैप्स वे संपर्क बिंदु हैं, जिनके माध्यम से न्यूरॉन्स एक-दूसरे तक संकेत पहुँचाते हैं।

सीखने और अभ्यास के दौरान इन संपर्कों की कार्यक्षमता बदल सकती है। कुछ परिस्थितियों में रिसेप्टर गतिविधि और सिनैप्टिक दक्षता भी बढ़ती है।

अब बदलाव केवल इच्छा तक सीमित नहीं रहता। मस्तिष्क उस व्यवहार को सीखना शुरू कर रहा होता है।

लेकिन यहीं एक मुश्किल आती है।

शुरुआती उत्साह समाप्त हो जाता है। अभ्यास उबाऊ लगने लगता है। परिणाम अभी स्पष्ट नहीं होते।

आपको लगता है कि कुछ हो ही नहीं रहा।

यही वह समय है जब व्यक्ति को प्रेरणा से ज्यादा अनुशासन की जरूरत होती है।

क्योंकि हर दिन अच्छा महसूस करके अभ्यास करना जरूरी नहीं, लेकिन अभ्यास के लिए लौटना जरूरी है।

3. Structural Remodeling — मस्तिष्क अपनी संरचना में बदलाव करने लगता है

लगातार अभ्यास और अनुभव के साथ मस्तिष्क में संरचनात्मक परिवर्तन भी हो सकते हैं।

डेंड्रिटिक स्पाइंस में परिवर्तन, नए सिनैप्टिक संपर्कों का निर्माण और पुराने संपर्कों का संशोधन इसी प्रक्रिया के हिस्से हैं।

कुछ कनेक्शन्स मजबूत होते हैं, कुछ कमजोर पड़ते हैं और अनुपयोगी या कम उपयोग होने वाले संपर्कों में भी समय के साथ बदलाव आ सकता है।

इसे समझने के लिए एक उदाहरण लेते हैं।

मान लीजिए किसी व्यक्ति को लोगों के सामने बोलने से बहुत डर लगता है।

वह हर बार परिस्थिति से बचता है। बचने पर उसे तत्काल राहत मिलती है। धीरे-धीरे उसका मस्तिष्क इस व्यवहार को सीख लेता है कि डर लगने पर पीछे हटना ही सुरक्षित है।

अब वह छोटे-छोटे कदमों से इस व्यवहार को बदलना शुरू करता है।

पहले एक व्यक्ति से बात करता है। फिर दो लोगों के सामने बोलता है। फिर छोटी बैठक में अपनी बात रखता है।

हर बार वह अपने मस्तिष्क को एक नया अनुभव दे रहा है—डर मौजूद होने के बावजूद परिस्थिति का सामना किया जा सकता है।

इस तरह दोहराए गए अनुभव पुराने व्यवहार के प्रभाव को कम करने और नए व्यवहार को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं।

यही न्यूरोप्लास्टिसिटी का व्यावहारिक महत्व है।

4. Network Reorganization — बदलाव जीवन के व्यवहार में दिखाई देने लगता है

यह परिवर्तन का अधिक व्यापक स्तर है।

लगातार सीखने और अभ्यास से केवल एक सिनैप्स नहीं, बल्कि मस्तिष्क के कई आपस में जुड़े नेटवर्क की कार्यप्रणाली बदल सकती है।

कुछ परिस्थितियों में मायलिनेशन और न्यूरल संचार की दक्षता में भी बदलाव आते हैं।

धीरे-धीरे जिस व्यवहार को करने के लिए पहले बहुत प्रयास करना पड़ता था, वह अपेक्षाकृत सहज महसूस होने लगता है।

सुबह उठना अब संघर्ष नहीं रहता। व्यायाम के लिए बार-बार खुद को मनाना नहीं पड़ता। किसी परिस्थिति में पहले जैसी तीव्र प्रतिक्रिया नहीं होती।

व्यक्ति को लगता है कि अब वह पहले जैसा नहीं रहा।

लेकिन यहाँ एक महत्वपूर्ण बात है।

पुरानी आदतों की स्मृति हमेशा पूरी तरह मिट नहीं जाती। तनाव, थकान या पुराने वातावरण में पुराने व्यवहार फिर सक्रिय हो सकते हैं।

इसलिए वास्तविक बदलाव का अर्थ यह नहीं कि आप कभी पुरानी आदत की ओर लौटेंगे ही नहीं।

वास्तविक बदलाव यह है कि अब आपके पास प्रतिक्रिया देने का एक नया विकल्प भी मौजूद है।

फिर हम बदल क्यों नहीं पाते?

इसका एक बड़ा कारण है—हम परिणाम चाहते हैं, लेकिन उस प्रक्रिया के लिए तैयार नहीं होते जो परिणाम पैदा करती है।

हम चाहते हैं कि डर समाप्त हो जाए, लेकिन डर का सामना नहीं करना चाहते।

हम चाहते हैं कि ओवरथिंकिंग बंद हो जाए, लेकिन विचारों के प्रति अपनी प्रतिक्रिया बदलने का अभ्यास नहीं करते।

हम चाहते हैं कि आत्मविश्वास आ जाए, लेकिन उन परिस्थितियों में जाना नहीं चाहते जहाँ आत्मविश्वास विकसित हो सकता है।

हम चाहते हैं कि पुरानी आदत छूट जाए, लेकिन उससे जुड़े वातावरण, ट्रिगर और व्यवहार को जस का तस रखते हैं।

याद रखिए, केवल किसी आदत को छोड़ने का निर्णय पर्याप्त नहीं होता। उसके स्थान पर एक नया व्यवहार विकसित करना भी जरूरी है।

मस्तिष्क को केवल यह बताना पर्याप्त नहीं कि क्या नहीं करना है। उसे यह भी सिखाना पड़ता है कि अब क्या करना है।

अपने मस्तिष्क को बदलने के लिए पाँच व्यावहारिक नियम

1. छोटे बदलाव से शुरुआत करें: एक साथ पूरा जीवन बदलने की कोशिश न करें। छोटे और दोहराए जा सकने वाले व्यवहार चुनें।

2. Repetition को प्राथमिकता दें: किसी व्यवहार का नियमित अभ्यास करें। निरंतरता का अर्थ पूर्णता नहीं, बल्कि अभ्यास पर लौटते रहना है।

3. पुराने ट्रिगर पहचानें: कौन-सी परिस्थिति आपको पुरानी आदत की ओर ले जाती है, उसे समझें।

4. नए व्यवहार का अभ्यास करें: पुरानी प्रतिक्रिया के स्थान पर एक वैकल्पिक प्रतिक्रिया विकसित करें।

5. प्रगति को पहचानें: केवल अंतिम परिणाम मत देखिए। छोटे व्यवहारिक बदलावों को भी दर्ज कीजिए।

 मनुष्य अपनी आदतें बदलने खातिर इसलिए नहीं हारता कि वह बदल नहीं सकता। वह इसलिए हार जाता है क्योंकि वह बदलाव के शुरुआती संघर्ष को अपनी असफलता समझ बैठता है।

बीज बोने के अगले दिन पेड़ नहीं दिखाई देता। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि मिट्टी के भीतर कुछ हो नहीं रहा।

ठीक इसी तरह, जब आप किसी पुरानी आदत के विरुद्ध एक नया व्यवहार डेवलप करते हैं, तो जरूरी नहीं कि उसका परिणाम उसी दिन दिखाई दे।

हो सकता है आज भी आपको डर लगे। आज भी वही विचार आएँ। आज भी पुरानी आदत आपको अपनी ओर खींचे।

लेकिन अगर आप हर बार थोड़ी अधिक जागरूकता के साथ एक बेहतर प्रतिक्रिया चुनना सीख रहे हैं, तो आप अभ्यास कर रहे हैं। और अभ्यास ही सीखने तथा व्यवहार में बदलाव की बुनियाद है।

अपने मन से लड़िए मत, उसे प्रशिक्षित कीजिए।

क्योंकि बदलाव केवल यह नहीं है कि आप आज क्या सोच रहे हैं।

बदलाव यह भी है कि लगातार अभ्यास के बाद आप कल किस तरह सोचेंगे, महसूस करेंगे और प्रतिक्रिया देंगे।

और शायद मनुष्य के मन की सबसे बड़ी संभावना यही है—

वह अपने अतीत के अनुभवों से बना जरूर है, लेकिन केवल उन्हीं अनुभवों तक सीमित रहने के लिए बाध्य नहीं है।

— अविनाश पाण्डेय 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ऐंकरिंग इफेक्ट्स

मैच शुरू होने से पहले रोनाल्डो का वह ऊँचा जंप। माइकल फेल्प्स का पानी में उतरने से पहले किया गया रिवर्स फ्लैप। मुहम्मद अली की आवाज़— “I am the greatest.” और उसेन बोल्ट का लाइटनिंग पोज़। ये शो ऑफ नहीं हैं। ये मानसिक स्टार्ट बटन हैं। इसे कहते हैं — Anchoring Effect। सुपर एथलीट्स जानते हैं कि दिमाग को हर बार मोटिवेट नहीं किया जाता, उसे प्रोग्राम किया जाता है। क्लासिक कंडीशनिंग पर हुए प्रयोग बताते हैं कि जब आप किसी खास भावना को बार-बार किसी खास ट्रिगर से जोड़ते हैं, तो कुछ समय बाद वह ट्रिगर अकेले ही वही भावना जगा देता है। जैसे स्विच ऑन करते ही लाइट जलती है। माइकल फेल्प्स कहते हैं — रिवर्स फ्लैप के बाद सब कुछ ऑटोमैटिक हो जाता है। मतलब? रिचुअल खत्म, मशीन शुरू। आप भी अपना “सक्सेस स्विच” बना सकते हैं — सिर्फ 3 स्टेप में: 1. Choose your emotion कौन सी फीलिंग चाहिए? कॉन्फिडेंस? फोकस? आक्रामक ऊर्जा? 2. Choose your trigger कोई पोज़, कोई शब्द, कोई गाना, कोई खास हैंड जेस्चर। 3. Practice Emotion + Trigger बार-बार उसी भावना को उसी ट्रिगर के साथ जोड़िए। दिमाग इसे लिंक कर लेगा। फिर एक दिन — स्टेज पर जाने...

सोशल मीडिया का ब्रांड

सोशल मीडिया में हर व्यक्ति एक ब्रांड है— ख़ुद से अलग दिखने की हड़बड़ी में धीरे-धीरे एक जैसा होता हुआ। बाहरी रूप ही सत्य है, अंदर झाँकना अब अप्रासंगिक है। हम शब्दों के ज़रिये मौजूद हैं, तस्वीरों के ज़रिये तय किए जाते हैं। हमारी तस्वीरें हमारी होकर भी हमसे अलग बोलती हैं। हम अति-संपर्क के समाज में जी रहे हैं। संवाद अब ज़रूरत नहीं, एक आदत है— और आदत अक्सर सोच को खा जाती है। दिखना ज़्यादा ज़रूरी है, देखना लगभग ग़ायब हैं।  हम रिश्तों के विस्तार के भ्रम में हैं, जबकि हर कोई अपने छोटे से कुएँ में खड़ा है— नदी होने का भ्रम पाले। वही चेहरे, वही आवाज़ें, उन्हीं को सच मान लेने की सुविधा। हम लगातार रौंदे जाते हैं, फिर खड़े हो जाते हैं— यह जाने बिना कि हर बार कुछ कम बचता है। ऑफ़लाइन होकर भी हम भीतर से ऑनलाइन रहते हैं। यह टापुओं की दुनिया है, जहाँ हम अपने जैसे लोगों में सबसे सुरक्षित महसूस करते हैं। यहीं सियासी जलदस्यु जन्म लेते हैं, और हम अनजाने में उनकी भीड़ बन जाते हैं। युद्ध कोई नई बात नहीं – युद्ध चल रहा है। युद्ध होगा।  युद्ध पहले भी हुए थे। लेकिन युद्ध के नाम पर  दिमा...

संगत और जीवन

मनुष्य जिस संगत में अधिक समय बिताता है, वह अनजाने में उसी जैसा होने लगता है। पहले उसकी भाषा बदलती है, फिर सोच, और अंत में उसे अपने भीतर हो रहे बदलाव भी सामान्य लगने लगते हैं। मैंने देखा है कि बुरी संगत इंसान को एक दिन में नहीं बदलती। वह धीरे-धीरे उसकी संवेदनशीलता कम करती है। गलत बातों पर भीतर उठने वाली बेचैनी को खत्म कर देती है। फिर एक समय ऐसा आता है जब वही गलत चीज़ें आदत बन जाती हैं। सबसे खतरनाक बात यह है कि इंसान को अपना पतन, पतन जैसा लगना ही बंद हो जाता है। उसे लगता है कि यही उसका स्वभाव है। और अब मुझे लगता है कि संगत सिर्फ लोगों की नहीं होती — विचारों की भी होती है, भीड़ की भी, और उस वातावरण की भी, जहाँ सत्य से अधिक सुविधा को महत्व दिया जाता है। Avinash Pandey